सीतामढ़ी में शादी समारोह में खूनी खेल, डीजे पर डांस कर रहे 14 साल के किशोर को लगी गोली
सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में एक शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। डीजे पर डांस कर रहे 14 वर्षीय एक किशोर को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई। घायल किशोर की पहचान बेलसंड निवासी राजकुमार शर्मा के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है।
करण अपने पिता के साथ रिश्तेदार के यहां लड़की की शादी में शामिल होने आया था। स्वजनों ने बताया कि डांस फ्लोर के पास गांव के कुछ युवक अचानक हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान एक गोली आकर करण को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्वजन उसे आनन-फानन में शहर के रिंग बांध स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे बेकसूर लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
