0

नवादा में जमीन विवाद में खूनी खेल: ईंट से पीट-पीटकर कारोबारी की हत्या, 5 कट्टा जमीन का मामला आया सामने

By Dec 9, 2025

नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक खूनी वारदात सामने आई है। डेरमा मुसहरी के पास रविंद्र यादव उर्फ कैलू नामक कारोबारी की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों, रामजतन यादव उर्फ छोटे और कन्हाई यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि यह हत्या दस साल पहले हुई जमीन की रजिस्ट्री के विवाद में की गई। रविंद्र यादव के पिता ने करीब 50 हजार रुपये में पांच कट्टा जमीन दी थी, लेकिन उसकी रजिस्ट्री नहीं हुई थी।

पिछले माह भी इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसकी प्राथमिकी नेमदारगंज थाने में दर्ज कराई गई थी। मृतक रविंद्र यादव ने जब आरोपी से जमीन की रजिस्ट्री कराने को कहा तो विवाद बढ़ गया और रामजतन यादव उर्फ छोटे व कन्हाई यादव सहित दो अन्य लोगों ने मिलकर रविंद्र की हत्या कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें