रोहटा में छात्रों के गुटों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और बेल्ट से जमकर मारपीट, बाजार में मची भगदड़
रोहटा स्थित एक इंटर कॉलेज के छात्रों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुक्रवार दोपहर सड़क पर आ गई। कॉलेज की छुट्टी के बाद छात्रों के दो गुटों ने मुख्य बाजार में एक-दूसरे पर हमला कर दिया। यह संघर्ष इतना भीषण था कि दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों, बेल्ट और लोहे की जंजीरों का इस्तेमाल किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए इस हमले से बाजार में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान छात्रों के हमले में कई खड़ी मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ युवक बाइक पर अवैध हथियार लहराते हुए मौके पर पहुंचे और दहशत फैलाकर फरार हो गए।
झगड़े के बाद छात्रों के एक गुट ने करनावल निवासी छात्र को रासना आश्रम के पास घेरकर बुरी तरह पीटा, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रोहटा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी छात्र वहां से भाग चुके थे। थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
