बेगूसराय में भाजपा नेता को गोली मारी, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे
बिहार के बेगूसराय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने भाजपा के खगड़िया जिला कार्यसमिति सदस्य दिलीप सिंह को दिनदहाड़े गोली मार दी। यह घटना भदास-धुसमुरी विशनपुर पथ के त्रिभुवन टोला के समीप हुई, जो खगड़िया के गंगौर ओपी क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
गोली लगने के बाद दिलीप सिंह की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार और एसडीपीओ टू अलौली पीएन साहू ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगौर ओपी अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पुलिस जख्मी दिलीप सिंह का बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल गई थी, लेकिन वह अभी फर्द बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके स्वजन भी फिलहाल कुछ बताने से कतरा रहे हैं। दिलीप सिंह के सीने में गोली लगने की बात कही जा रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना के पीछे भूमि और जलकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। दिलीप सिंह लगभग डेढ़ दशक से भाजपा से जुड़े हैं और पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी से बात की है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मांगा है।
