बिजनौर news: चोरी के लिए मां ने डांटा, युवक ने फांसी लगाकर दी जान
बिजनौर जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां मां की डांट से नाराज होकर एक 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने शराब पीने के लिए पैसे न मिलने पर घर से चोरी करने की कोशिश की थी। मां ने उसे पकड़ लिया और डांट लगाई, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
घटना बिजनौर के माती गांव की है। मृतक रंजीत रावत (20) मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। उसकी मां संगीता ने बताया कि सोमवार दोपहर रंजीत ने शराब के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन उन्होंने देने से मना कर दिया। इसके बाद रंजीत ने घर में रखी मां की बिछिया चोरी कर ली और उसे बेचने जा रहा था। मां ने उसे पकड़ लिया और बिछिया छीनकर उसे डांटा।
मां की डांट से नाराज होकर रंजीत घर से चला गया। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने बताया कि रंजीत ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक बेर के पेड़ से फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिजनौर इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक शराब का लती था और चोरी के प्रयास के कारण मां की डांट से नाराज था। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
