बिजनौर: स्कूल प्रिंसिपल के घर में आग, मां की झुलसकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत
बिजनौर में मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास के आवास में शुक्रवार सुबह आग लगने से उनकी 78 वर्षीय मां अर्चना विश्वास की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना मंडावर रोड स्थित स्कूल परिसर के पिछले हिस्से में हुई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आवास में आग लग गई। उस समय प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास स्कूल में थीं और घर पर उनकी बीमार मां अर्चना विश्वास और घरेलू सहायिका रीता मौजूद थीं। आग की लपटें और धुआं तेजी से फैला।
घरेलू सहायिका रीता ने बुजुर्ग महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भीषणता और धुएं के कारण वह उन्हें बाहर नहीं निकाल सकीं। वृद्धा बुरी तरह झुलस गईं और धुएं के कारण बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, वृद्धा 40 प्रतिशत तक झुलस गई थी और मौत का मुख्य कारण आग से जलना और दम घुटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
