बिहार: ASI के सरकारी आवास से मिलीं 6 बोतल बीयर, गिरफ्तार कर भेजा जेल
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाने में पदस्थ सहायक अवर निरीक्षक (ASI) महेंद्र पासवान को एक बड़ी कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला तब सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि ASI के सरकारी आवास में अवैध रूप से बीयर रखी हुई है।
यह घटना तब हुई जब ASI महेंद्र पासवान दो अभियुक्तों को लेकर न्यायालय में पेशी के लिए गए हुए थे। इसी बीच, वरीय अधिकारियों को उनके आवास पर बीयर की खेप होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान अली को तत्काल छापेमारी का आदेश दिया गया।
थानाध्यक्ष ने ASI के आवास के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर तलाशी ली। इस दौरान, घर के अंदर से छह कैन बीयर बरामद की गईं। इसकी सूचना तुरंत ASI को फोन पर दी गई। ASI ने दावा किया कि उन्हें फंसाया जाने की नीयत से किसी ने उनके आवास में बीयर रखी है और वे न तो बीयर पीते हैं और न ही इसका कारोबार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति में मात्र तीन वर्ष शेष हैं।
हालांकि, पुलिस ने बीयर बरामदगी के बाद ASI महेंद्र पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या बालकनी का दरवाजा खुला रहता था, जिससे किसी के द्वारा बीयर रखी जा सकती थी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब औरंगाबाद शराब के मामलों को लेकर पहले से ही सुर्खियों में है। हाल ही में, उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
