‘अखंडा 2’ की रिलीज पर बड़ा सस्पेंस! हाई कोर्ट ने टिकट की कीमतों पर लगाई रोक, फैंस परेशान
नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ आज, 12 दिसंबर 2025 को रिलीज होने वाली है। बोयापति श्रीनु द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2021 की हिट ‘अखंडा’ का सीक्वल है। फिल्म में नंदमुरी बालकृष्ण के साथ संयुक्ता मेनन, आदि पिनिसेट्टी और कबीर दुहान सिंह मुख्य भूमिका में हैं। तेलंगाना सरकार ने फिल्म के प्रीमियर शो और शुरुआती 10 दिनों के लिए टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की अनुमति दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, सिंगल स्क्रीन के लिए 50 रुपये और मल्टीप्लेक्स के लिए 100 रुपये की वृद्धि की गई थी, जबकि 11 दिसंबर को रात 8 बजे के विशेष शो की कीमत 600 रुपये तय की गई थी।
लेकिन, तेलंगाना हाई कोर्ट ने सरकार के इस फैसले को निलंबित कर दिया है। हाई कोर्ट ने लंच मोशन याचिका पर विचार करते हुए प्रीमियर शो के लिए मूल्य वृद्धि पर रोक लगाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी। इस अचानक आए फैसले से टिकट धारकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है कि क्या उन्हें पैसे वापस मिलेंगे और क्या नई कीमतें शनिवार से लागू होंगी।
यह फैसला न केवल दर्शकों के लिए बल्कि निर्माताओं के लिए भी बड़ी सिरदर्दी बन गया, जो प्रीमियर शो में बड़ी कमाई की उम्मीद कर रहे थे। फिल्म की रिलीज पहले भी एक वित्तीय विवाद के कारण टल गई थी, जब मद्रास हाई कोर्ट ने स्टे लगा दिया था। हालांकि, वह मुद्दा सुलझ गया था। ‘अखंडा 2’ की रिलीज पर अचानक रोक लगना टीम और अन्य निर्माताओं के लिए एक बड़ा झटका है। अब देखना यह होगा कि निर्माता इस बदली हुई स्थिति से कैसे निपटते हैं।
