अलीगढ़ में स्क्रैप चोरी का बड़ा खुलासा, धर्मकांटे में चिप लगाकर हो रही थी ठगी
अलीगढ़ में स्क्रैप चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रोरावर थाना पुलिस ने जलालपुर स्थित एक धर्मकांटे के मुंशी को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि यह मुंशी स्क्रैप के ट्रकों से चोरी किए गए माल को छिपाने के लिए धर्मकांटे में चिप का इस्तेमाल करता था। इस चिप की मदद से ट्रकों का वजन पूरा दिखाया जाता था, जबकि रास्ते में ही माल चुरा लिया जाता था।
यह मामला तब सामने आया जब गूलर रोड निवासी स्क्रैप व्यापारी अमित अग्रवाल ने एसपी सिटी से शिकायत की। अमित अग्रवाल ने बताया कि पुणे से अलीगढ़ आने वाले उनके स्क्रैप ट्रकों में लगातार माल कम निकल रहा था। 19 जनवरी को आए एक ट्रक में 745 किलो स्क्रैप कम पाया गया। जब उन्होंने ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया तो पता चला कि यह चोरी लंबे समय से हो रही है।
जांच में खुलासा हुआ कि स्क्रैप को रास्ते में हाथरस-सादाबाद के बीच चुरा लिया जाता था। इसके बाद अलीगढ़ के धर्मकांटों पर मुंशी और ड्राइवरों की मिलीभगत से चिप का इस्तेमाल करके वजन पूरा दिखा दिया जाता था। व्यापारी ने बताया कि इस पूरे रैकेट में कई लोग शामिल हैं, जिनमें चिप लगाने वाला और चोरी का माल खरीदने वाला अलग-अलग व्यक्ति हैं।
रोरावर इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ के बाद धर्मकांटे के मुंशी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में मुंशी ने चिप लगाकर वजन में हेराफेरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चिप किसने लगाई और यह पूरा रैकेट कितने समय से सक्रिय था।
