सोपोर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 घंटे में सुलझाए चोरी के दो मामले, दो आरोपी गिरफ्तार
कश्मीर पुलिस ने सोपोर में चोरी के दो मामलों को सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस अपराध में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि अपराधों को रोका जा सके।
पहला मामला पुलिस स्टेशन बोमई में दर्ज किया गया था। नाथीपोरा के रहने वाले अब्दुल रशीद मीर ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकान (अल-फजर डिपार्टमेंटल स्टोर) से सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान इलाके के कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी दौरान, 29 नवंबर 2025 को पुलिस ने गुलाम मोहम्मद लोन पुत्र अब्दुल जब्बार लोन निवासी याहामा हंदवाड़ा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी का सामान नाथीपोरा में नदी के पास एक बाग में छिपाया हुआ है। इस खुलासे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद किया।
इसके अलावा, पुलिस पोस्ट बस स्टैंड में भी एक बेकरी की दुकान से नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। यह शिकायत सर सैयद आबाद के रहने वाले गुलाम मोहम्मद कंजवाल ने की थी। मामला दर्ज करने के बाद, पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और वारदात के 12 घंटे के भीतर ही आरोपी शकीर सादिक भट को पकड़ लिया। उसे उपजिला अस्पताल सोपोर से ढूंढकर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने जुर्म में शामिल होने की बात कबूल की और चोरी हुई नकद राशि भी उससे बरामद कर ली गई।
