टाटा स्टील में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: मुकेश अग्रवाल बने चीफ ट्रांसफॉर्मेशन, आशुतोष पांडेय को नई जिम्मेदारी (Tata Steel news)
टाटा स्टील प्रबंधन ने बाजार में अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव किए हैं। कंपनी ने चीफ आर्गनाइजेशन डिजाइन एंड ट्रांसफॉर्मेशन का नया पद सृजित किया है, जिसकी जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारी मुकेश अग्रवाल को सौंपी गई है। यह बदलाव एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।
सीईओ व एमडी टीवी नरेंद्रन द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, ये कदम कंपनी के भीतर संरचना, डिजाइन और कार्यसंस्कृति को आधुनिक बनाने के लिए उठाए गए हैं। मुकेश अग्रवाल, जो पहले चीफ एचआरबीपी (टीएसजे, टीएसजी और एचएमसी) थे, अब जमशेदपुर से ही अपना कामकाज देखेंगे। वह अपनी अतिरिक्त जिम्मेदारी चीफ वेलनेस ऑफिसर के रूप में भी जारी रखेंगे।
मुकेश अग्रवाल की भूमिका में बदलाव के कारण एचआर विभाग में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में एक श्रृंखला के तहत बदलाव किए गए हैं। कलिंगानगर में तैनात चीफ एचआरबीपी यशवंत कुमार पांडेय को वापस जमशेदपुर बुलाया गया है, जहां वह मुकेश अग्रवाल की जगह लेंगे। यशवंत कुमार पांडेय के स्थान पर कलिंगानगर की जिम्मेदारी अब अमिताभ चंद्र झा संभालेंगे, जिनका तबादला टाटा स्टील मेरामंडली से किया गया है।
कोयला और रा मैटेरियल डिवीजन में भी महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। चीफ कोल बेनीफिसिएशन के पद पर तैनात बोंदादा वेंकट सुधीर कुमार 1 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर आशुतोष कुमार पांडेय को पदोन्नति देते हुए चीफ कोल बेनीफिसिएशन बनाया गया है। आशुतोष अभी हेड (ओएंडएम) वाशरी-III की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह 1 जनवरी से चीफ-डेजिग्नेट के रूप में काम शुरू करेंगे और 1 फरवरी से पूर्ण रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।
