हापुड़ में किसानों के साथ बड़ा धोखा: 4 करोड़ बकाया, अब अनिश्चितकालीन धरना शुरू
हापुड़ में कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग कंपनियों से ठगे गए किसानों ने अब आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। भुगतान न होने से परेशान किसानों ने कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि उत्कल ट्यूबर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने उनसे आलू खरीदकर 4 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया है।
किसानों ने बताया कि कंपनी ने मई 2025 में अनुबंध किया था, जिसके तहत किसानों को महंगे दाम पर बीज दिए गए और उपज को भी महंगे दाम पर खरीदने का वादा किया गया। हापुड़ और मेरठ के सैकड़ों किसानों ने कंपनी को आलू सौंप दिया, लेकिन भुगतान नहीं मिला। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के हस्तक्षेप पर कंपनी ने 20 लाख रुपये रोजाना किसानों के खातों में भेजने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी तोड़ दिया गया।
किसानों का आरोप है कि जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) डॉ. हरित कुमार, जिन्हें भुगतान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी, वे कंपनियों का साथ दे रहे हैं और किसानों से बात तक नहीं कर रहे हैं। इस धोखे से परेशान किसान अब आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कर्ज चुकाने में असमर्थ हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक यदि मंगलवार तक समाधान नहीं निकला तो वे भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
