0

UCIL जादूगोड़ा में ठेका मजदूरों का बड़ा प्रदर्शन, 8 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल, उत्पादन ठप होने की आशंका

By Dec 9, 2025

पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा में स्थित यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में ठेका मजदूरों ने अपने विभिन्न आठ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी है। बीते मंगलवार को प्रबंधन के संग वार्ता विफल होने के बाद ठेका मजदूरों ने हड़ताल की घोषणा कर दी थी। इसी के समर्थन में बुधवार को ठेका मजदूर अहले सुबह ही कंपनी गेट के बाहर जुटे व हड़ताल के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की। इसका असर यूसीआईएल के कई डिपार्टमेंट में देखने को मिलेगा।

ठेका मजदूरों के आठ सूत्री मांगों में मृतक कर्मचारी रांबे सोरेन के आश्रित व मृतक जून माहली के आश्रित को अविलंब नौकरी, ठेका कर्मी मृतक अजय मुर्मू की मृत्यु तिथि सुधार कर डेथ क्लेम इंश्योरेंस उपलब्ध कराने, ठेका कर्मी मृतक दारासिंह नायक की तारीख सुधार कर डेथ क्लेम देने, विस्थापित परिवारों की नियुक्ति सूची (13–24 नंबर) को तुरंत प्रभाव से जारी कर नियुक्ति देने, इएल भुगतान और छुट्टी कटौती पर रोक लगाने, कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में सुधार, दुर्घटना में मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी, ठेका कर्मियों की समस्याओं का स्थायी समाधान सम्मिलित है।

यूसिल में ठेका मजदूरों के हड़ताल पर चले जाने के कारण यूरेनियम अयस्क ढुलाई, सफाई व्यवस्था, मिल संचालन सहित कई अहम कार्य पूरी तरह से प्रभावित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे प्रबंधन के समक्ष भी कई तरह की परेशानी खड़ी होगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें