मोतिहारी नगर निगम का बड़ा फैसला: आवारा कुत्तों और बेसहारा पशुओं पर चलेगा विशेष अभियान, लोगों को मिलेगी राहत
मोतिहारी नगर निगम ने शहर को आवारा कुत्तों और बेसहारा पशुओं से मुक्त कराने का फैसला किया है। इसके लिए विशेष दल गठित किए गए हैं। शहर में आवारा कुत्तों से जन सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और बेसहारा पशुओं के सड़क पर विचरण के कारण होनेवाली परेशानियों से निजात मिलेगी।
उपरोक्त निर्णय गुरुवार को नगर निगम के सभागार में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता महापौर प्रीति कुमारी ने की। महापौर ने बताया कि नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बेसहारा पशुओं के नियंत्रण हेतु एक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। पशुपालकों को नोटिस जारी कर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी, साथ ही पशु पकड़ दल को सक्रिय कर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। एजेंसियों द्वारा वार्ड वार सफाई निरीक्षण, कचरा उठाव की नियमितता, नालों की सफाई और नागरिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्णय लिया गया। सफाई मामले में एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके अलावा, शहर में रोशनी के इंतजाम ठीक करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने पर जोर दिया गया। कार्य गुणवत्ता, समय सीमा तथा मेंटेनेंस पर ध्यान रखने का निर्णय लिया गया। दोषपूर्ण या अधूरा कार्य पाए जाने पर एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर हाई मास्क लाइट लगाने के लिए निविदा निकाली गई है, और जल्द ही कार्यादेश प्राप्त कर हाई मास्क लाइट लगाई जाएगी। विकास योजनाओं के तहत विभिन्न वार्डों में लगभग 32 सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
