बकाया टैक्स पर बड़ा एक्शन: सागर नगर निगम ने DEO ऑफिस और पॉलिटेक्निक कॉलेज में जड़ा ताला
सागर शहर में नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। बकाया संपत्ति कर और जल कर जमा न करने पर निगम ने अब सरकारी कार्यालयों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को निगम की टीम ने शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
नगर निगम के अनुसार, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज पर संपत्ति कर और जल कर मिलाकर लगभग 9 लाख रुपये बकाया हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर 2 लाख 47 हजार रुपये का संपत्ति कर लंबित है। यह कार्रवाई निगमायुक्त के निर्देश पर की गई, जिन्होंने राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को दिसंबर माह में सभी बड़े बकायादारों से वसूली सुनिश्चित करने को कहा है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ तालाबंदी जैसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी और अन्य निगम कर्मचारी मौजूद रहे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि बकाया राशि जमा कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है और राशि मिलते ही भुगतान कर दिया जाएगा। फिलहाल कार्यालय में ताला लगा हुआ है।
