भोपाल गैस त्रासदी: उस काली रात पर बनीं पर बनीं ये फिल्में-सीरीज, देखकर कांप जाएगी रूह
2-3 दिसंबर 1984 की रात भारत के इतिहास में एक काला अध्याय है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में यूनियन कार्बाइड कंपनी की फैक्ट्री से जहरीली गैस के रिसाव ने हजारों लोगों की जान ले ली और लाखों को प्रभावित किया। यह घटना दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक आपदाओं में से एक थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 3,800 लोगों की मौत हुई, जबकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह संख्या 15,000 तक बताई गई। इस त्रासदी का दर्द आज भी भोपाल के लोगों के दिलों में ताजा है।
इस भयानक घटना ने कई फिल्म निर्माताओं को प्रेरित किया है। हाल ही में आई सीरीज ‘द रेलवे मेन’ (The Railway Men) इसी त्रासदी पर आधारित है। इसमें आर माधवन, के के मेनन, दिव्येंदु और बाबिल खान जैसे कलाकार हैं। यह सीरीज 1984 के हादसे के बाद के भयानक नतीजों को दर्शाती है, जब 5 लाख से ज्यादा लोग जहरीली गैस के संपर्क में आए थे। कहानी उन रेलवे कर्मचारियों के साहस को सलाम करती है जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य किया।
रवि कुमार द्वारा निर्देशित फिल्म ‘भोपाल: ए प्रेयर फॉर रेन’ (Bhopal: A Prayer for Rain) भी इस त्रासदी पर बनी है। 2014 में रिलीज हुई इस फिल्म में राजपाल यादव, तनिष्ठा चटर्जी के साथ हॉलीवुड कलाकार मार्टिन शीन और काल पेन भी शामिल थे। यह फिल्म उन घटनाओं को दिखाती है जो औद्योगिक आपदा का कारण बनीं। इसके अलावा, 2004 में बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री भी आई थी, जिसने 3 दिसंबर 1984 की सुबह के खौफनाक हालात को वहां मौजूद लोगों के नजरिए से दिखाया था। ये सभी रचनाएं उस रात के दर्द और संघर्ष को पर्दे पर उतारकर उस त्रासदी को जीवित रखती हैं।
