भगोड़े बिल्डर शाश्वत गर्ग और पत्नी पर होगा इनाम, पुलिस तलाश में जुटी
देहरादून: मसूरी रोड स्थित आरकेडिया हिलाक्स सोसाइटी के फ्लैट निर्माण के नाम पर निवेशकों और बैंकों के करोड़ों रुपये ठगकर फरार हुए बिल्डर शाश्वत गर्ग और उसकी पत्नी पर पुलिस जल्द ही इनाम घोषित करने की तैयारी में है। पुलिस लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस बीच, पुलिस ने कोर्ट से गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के लिए भी आवेदन कर दिया है। कोर्ट से वारंट जारी होते ही शाश्वत गर्ग को भगोड़ा घोषित कर उसकी गिरफ्तारी पर इनाम की घोषणा की जाएगी।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि शाश्वत गर्ग के विदेश में भी कनेक्शन हैं और उसने कई वित्तीय लेन-देन विदेश में कुछ अज्ञात खातों में किए हैं। एसआइटी अब बिल्डर के सभी बैंक ट्रांजेक्शन का विस्तृत डेटा खंगाल रही है, ताकि उसके संपर्कों और रकम के स्रोत का पता लगाया जा सके। इस जांच से यह भी स्पष्ट होगा कि शाश्वत गर्ग ने किन-किन लोगों से अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए थे।
इसके अतिरिक्त, एसआइटी बिल्डर शाश्वत गर्ग और उसके पारिवारिक सदस्यों की संपत्ति की जांच में भी जुटी हुई है। देहरादून में रहते हुए उसने किन-किन संपत्तियों में निवेश किया है और गाजियाबाद में उसकी कितनी संपत्ति है, इसका पूरा ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। भविष्य में इन संपत्तियों को सील करने की भी योजना है।
गौरतलब है कि शाश्वत गर्ग और उसकी पत्नी के पासपोर्ट पूर्व में ही निरस्त किए जा चुके हैं और उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार, बिल्डर के अपनी पत्नी के साथ नेपाल भागने के भी साक्ष्य मिले हैं। इस संभावना को देखते हुए, पुलिस जल्द ही एक टीम को नेपाल भी भेजने की तैयारी कर रही है। इससे पहले, एसआइटी सभी आवश्यक दस्तावेजों को जुटाने में लगी हुई है।
शातिर बिल्डर शाश्वत गर्ग ने न केवल निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया, बल्कि अपने निजी कर्मचारियों के पैसे लेकर भी फरार हो गया। इस संबंध में कर्मचारियों ने राजपुर थाने में शाश्वत गर्ग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारी सागर राज, विनीत तोमर, आर्यन थापा और अफजल खान ने अपनी तहरीर में बताया है कि वे गोल्डन एरा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करते थे, जिसके मालिक शाश्वत गर्ग हैं और वर्तमान में फरार चल रहे हैं।
