भारतीय रेलवे का तोहफा: दिसंबर तक चलेंगी 48 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। त्योहारी सीजन में देश भर में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए, रेलवे बोर्ड ने दिसंबर तक 48 विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। ये ट्रेनें कुल 620 अतिरिक्त यात्राएं करेंगी, जिससे लाखों यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी और ट्रेनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) क्षेत्र में भी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सितंबर से दिसंबर तक ये विशेष ट्रेनें विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी। कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, गुवाहाटी, जोगबनी और किशनगंज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इन व्यवस्थाओं में होल्डिंग एरिया, पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, पंखे, अतिरिक्त टिकट काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVMs) शामिल हैं। प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यात्री सहायता के लिए 24 घंटे वार रूम और आरपीएफ कर्मियों सहित अतिरिक्त कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।
ये विशेष ट्रेनें देश के कई प्रमुख गंतव्यों को जोड़ेंगी, जिनमें कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सोनपुर, दौरम मधेपुरा, अगरतला, न्यू तिनसुकिया, एसएमवीटी बेंगलुरु, अमृतसर, पटना, डिब्रूगढ़, गोरखपुर, सिलचर, नाहरलगुन, कोलकाता, गुवाहाटी, रांची, चर्लपल्ली, मुंबई सेंट्रल, आगरा छावनी, जोगबनी, लामडिंग, हावड़ा, गोमती नगर, आनंद विहार और कामाख्या शामिल हैं।
हाल ही में शामिल की गई कुछ ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है: ट्रेन संख्या 07541 कटिहार-दौरम मधेपुरा (दैनिक स्पेशल) कटिहार से शाम 7.00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 10.00 बजे दौरम मधेपुरा पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 07542 दौरम मधेपुरा – कटिहार (दैनिक स्पेशल) दौरम मधेपुरा से रात 10:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 02.30 बजे कटिहार पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 07540 कटिहार – मनिहारी (दैनिक स्पेशल) कटिहार से रात 8.30 बजे चलकर रात 9.30 बजे मनिहारी पहुंचेगी, और ट्रेन संख्या 07539 मनिहारी – कटिहार (दैनिक स्पेशल) मनिहारी से 05.00 बजे प्रस्थान कर 06.00 बजे कटिहार पहुंचेगी।
अन्य महत्वपूर्ण विशेष ट्रेनों में 05628 अगरतला – गुवाहाटी (साप्ताहिक), 05734 किशनगंज – अमृतसर (साप्ताहिक), 05977 गोरखपुर – डिब्रूगढ़ (साप्ताहिक), 05639 सिलचर – कोलकाता (साप्ताहिक), 05952 न्यू तिनसुकिया – एसएमवीटी बेंगलुरु (साप्ताहिक), 05633 नारंगी – गोरखपुर (साप्ताहिक) और 05744 कटिहार – सोनपुर (त्रि-साप्ताहिक) शामिल हैं, जिनकी विस्तृत समय सारिणी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सीपीआरओ, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे त्योहारी मौसम में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
