भागलपुर में शराब के ठिकाने पर पुलिस की रेड, लोडेड पिस्तौल संग युवक गिरफ्तार
भागलपुर में पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बरारी थाना क्षेत्र के एलआइसी कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने लोडेड पिस्तौल और 114 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान नीतेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसएसपी हृदय कांत के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एलआइसी कालोनी के उस ठिकाने पर धावा बोला, जहां शराब का भंडारण किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके पर कई खाली कार्टन भी बिखरे मिले, जिससे पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि यहां बड़े पैमाने पर शराब का भंडारण किया गया था और उसे स्थानीय एजेंटों के माध्यम से बेचा जा रहा था।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी नीतेश कुमार से पूछताछ में कई अहम जानकारियां हासिल की हैं। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस अब शराब की चोरी-छिपे बिक्री करने वाले एजेंटों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य इलाकों से भी जुड़े हो सकते हैं।
हालांकि, छापेमारी के दौरान नीतेश का भाई शुभम कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी नीतेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी सूरत में अवैध शराब कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
