शिक्षिकाओं के विवाद पर बीईओ की पंचायत, अभिभावकों ने लगाए आरोप, MDM में लापरवाही का मामला भी आया सामने
सरवनखेड़ा ब्लॉक के मनेथू द्वितीय विद्यालय में प्रधानाध्यापिका और सहायक शिक्षिका के बीच हुए विवाद ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। घटना के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने स्कूल पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनी। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी प्रधानाध्यापिका पर गंभीर आरोप लगाए।
विद्यालय में विवाद और आरोप
प्राथमिक विद्यालय मनेथू द्वितीय में प्रधानाध्यापिका भारती सचान और सहायक अध्यापक शशिबाला के बीच रिजल्ट रजिस्टर को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार को हाथापाई की नौबत आने के बाद सोमवार को सहायक अध्यापक ने अपने कमरे में ताला जड़े होने की शिकायत बीईओ से की। बीईओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अभिभावकों ने प्रधानाध्यापिका पर बच्चों को गाली देने और अभद्रता करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। अभिभावकों ने प्रधानाध्यापिका को हटाने की मांग की।
MDM में लापरवाही का मामला
विद्यालय में दस वर्षों से मिड-डे-मील (MDM) चूल्हे पर ही बनाया जा रहा है। गैस सिलेंडर की व्यवस्था न होने के कारण रसोईयों को धुएं में खाना बनाना पड़ता है। किचन से लेकर भोजन परोसने तक गंदगी दिखी। इस लापरवाही के लिए बीईओ ने प्रधानाध्यापिका को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यदि पहले भी सिलेंडर चोरी हुआ था या व्यवस्था नहीं थी, तो इसकी सूचना देनी चाहिए थी।
