बरेली BDA की बंपर लॉटरी, 3 प्लॉट के लिए 130 दावेदार! रामगंगा नगर में रिकॉर्ड तोड़ डिमांड
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की रामगंगा नगर आवासीय योजना में भूखंडों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में BDA ने रामगंगा नगर आवासीय योजना, ग्रेटर बरेली और स्काई-वे-अपार्टमेंट के लिए आवेदन मांगे थे। 13 नवंबर से 12 दिसंबर तक चले आवेदन प्रक्रिया में सबसे अधिक डिमांड रामगंगा नगर में देखी गई।
रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-तीन में 72 वर्गमीटर के केवल तीन भूखंडों के लिए 130 आवेदन आए हैं। यह संख्या बताती है कि शहर में अपने सपनों का घर बनाने की चाहत रखने वालों की संख्या कितनी अधिक है। इसके अलावा, रामगंगा नगर व ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के अलग-अलग सेक्टरों के 128 भूखंडों के लिए कुल 354 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
BDA सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि भूखंडों और भवनों का आवंटन लॉटरी ड्रा के जरिए किया जाएगा। यह लॉटरी ड्रा 17 दिसंबर को दोपहर दो बजे प्राधिकरण कार्यालय में प्रस्तावित है। आमजन के साथ-साथ निवेशकों की भी पहली पसंद रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली योजनाएं बन रही हैं।
