बरेली में 15 शातिर अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, संपत्तियों पर कार्रवाई की तैयारी
बरेली जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ाने वाले और आम जनता में भय फैलाने वाले 15 अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के आदेश पर इन सभी अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इस सूची में साल 2010 के दंगे का एक प्रमुख आरोपी लकी शाह उर्फ जुनैद अली भी शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और माना जा रहा है कि जल्द ही इनकी अवैध संपत्तियों पर भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस के अनुसार, इन 15 अपराधियों के खिलाफ लूट, चोरी, वाहन चोरी, हत्या का प्रयास, मारपीट, गोकशी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के साथ-साथ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले भी दर्ज हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गौसिया चौक निवासी रहीश अहमद उर्फ घिर्री, मोबीन, ज्ञान सिंह, छोटा, केशव उर्फ टेड़ा, प्रेमनगर निवासी जुनैद अली उर्फ लक्की शाह, रिठौरा हाफिजगंज निवासी करन, मढ़ीनाथ निवासी अनीश उर्फ विजय, सुभाषनगर निवासी मुकेश कन्नोजिया, सैदपुर हाकिंस निवासी उजैर, मोहसीन, छुटका, बैसपुर गुलड़िया निवासी लालू पटेल उर्फ शिवराज, अफरोज और सन्नी पटेल के विरुद्ध भोजीपुर, बिथरी, बारादरी, इज्जतनगर, आंवला सहित विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनकी हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इनसे संबंधित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विशेष रूप से, प्रेमनगर निवासी लकी शाह उर्फ जुनैद अली का नाम 2010 के दंगे के मामले में आरोपी के तौर पर सामने आया था। वर्तमान में वह जमानत पर रिहा है, लेकिन उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों पर नकेल कसी जा सकेगी और अपराध की घटनाओं में कमी आएगी। इन 15 अपराधियों में इज्जतनगर और आंवला थानों से पांच-पांच, सुभाषनगर से दो, प्रेमनगर से एक और हाफिजगंज थाने से एक-एक आरोपित शामिल हैं।
