बरेली हाईवे पर अज्ञात महिला का शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस शिनाख्त में जुटी
हाथरस जनपद के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में धातरा खुर्द के पास बरेली हाईवे पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने जब हाईवे किनारे शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची।
शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और शव के आसपास भी पहचान के लिए तलाशी ली, लेकिन महिला की पहचान से जुड़ा कोई भी सुराग या पहचान पत्र नहीं मिला। अज्ञात होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और जिलों में भी गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला की मौत कैसे हुई, क्या यह कोई हादसा है या फिर हत्या का मामला। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
