बरौना में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और फायरिंग में दर्जनभर घायल
थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव बरौना में गुरुवार को जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गांव के दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन के मालिकाना हक के विवाद ने गुरुवार को हिंसक मोड़ ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और नौबत फायरिंग तक आ पहुंची। इस दौरान हुई मारपीट और फायरिंग में दोनों पक्षों से लगभग एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बरौना गांव निवासी बालकराम अपने परिजनों के साथ खेत पर काम कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और विवाद करने लगे। बालकराम का आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट व फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में सुखवीर पुत्र जानकी प्रसाद को गोली लगी, जबकि सुखदेवी, चांदनी, अमित, घारम, गंगा देवी और दूसरे पक्ष से बुद्धपाल, धर्मेंद्र सहित अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंजडुंडवारा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, सुखवीर, सुख देवी, चांदनी और अमित की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में ही चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों के लोगों से घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सकती है।
