बांग्लादेश: शेख हसीना को एक और मामले में 5 साल की जेल, भतीजी और बहन को भी सजा
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। देश की एक अदालत ने उन्हें जमीन घोटाले के एक और मामले में पांच साल की जेल की सजा सुनाई है। इस मामले में हसीना की भतीजी और ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीकी को दो साल, जबकि उनकी बहन शेख रेहाना को सात साल की सजा मिली है। यह फैसला ढाका की विशेष अदालत-4 के जज मोहम्मद रबीउल आलम ने सुनाया।
यह फैसला हसीना की अनुपस्थिति में सुनाया गया, जो अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद अपदस्थ होने के बाद से भारत में रह रही हैं। हसीना पर भ्रष्टाचार रोधी आयोग (एसीसी) ने पूर्बाचल न्यू टाउन परियोजना के तहत अपने रिश्तेदारों को अवैध रूप से भूखंड आवंटित करने का आरोप लगाया था। इससे पहले भी हसीना को कई गंभीर मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है, जिसमें मानवता के खिलाफ अपराध के लिए मौत की सजा और भ्रष्टाचार के तीन अन्य मामलों में 21 साल की जेल शामिल है।
इस जमीन घोटाले के मामले में कुल 17 लोगों को दोषी ठहराया गया है, जिनमें 14 अन्य को भी पांच-पांच साल की सजा मिली है। अदालत ने सभी दोषियों पर एक-एक लाख टका का जुर्माना भी लगाया है। यह फैसला हसीना के राजनीतिक करियर के लिए एक और बड़ा झटका है, जो पहले ही कई कानूनी चुनौतियों का सामना कर रही हैं।
