बंगाल की खाड़ी में ‘दितवाह’ तूफान का खतरा, पांच राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवाती तूफान सेन्यार के कमजोर पड़ने के बीच, बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान ‘दितवाह’ के दस्तक देने से मौसम विभाग ने चिंता जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवात ‘दितवाह’ में तब्दील हो गया है। इस नए सिस्टम ने दक्षिणी भारत के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘दितवाह’ का रुख उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना तथा केरल के तटीय इलाकों की ओर है। इन क्षेत्रों में 30 नवंबर तक मौसम के बेहद खराब रहने की आशंका है। विभाग ने प्री-साइक्लोन अलर्ट जारी करते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
‘दितवाह’ तूफान के कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरी हिस्सों और पुडुचेरी व कराईकल में भी कुछ स्थानों पर ऐसी ही बारिश हुई। शनिवार को पूरे तमिलनाडु में बारिश की उम्मीद है, जिसमें तंजावुर, अरियालुर, पेरम्बलुर, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, रानीपेट, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेन्नई जैसे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 30 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। 1 दिसंबर तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन इलाके और तमिलनाडु-पुडुचेरी के तट पर न जाने की सख्त सलाह दी गई है। जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें तत्काल निकटतम तट पर लौटने का निर्देश दिया गया है। इन तूफानों के कारण दक्षिणी राज्यों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
अभिनेत्री संयुक्ता शनमुगनाथन ने पूर्व CSK क्रिकेटर अनिरुद्ध श्रीकांत से की शादी
आरती वेंकटेश: पूर्व क्रिकेटर अनिरुद्ध श्रीकांत की पूर्व पत्नी, एक सफल मॉडल
चक्रवाती तूफान ‘Ditwah’ तमिलनाडु की ओर बढ़ा, 48 घंटे में तट से टकराने की आशंका
IIT मद्रास की स्वदेशी पोत यातायात प्रणाली: बंदरगाहों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय
