बलरामपुर बस हादसा: ‘बस बच गए, कैसे बचे नहीं जानते’, यात्रियों ने सुनाई खौफनाक दास्तां दास्तां
रात के दो बज रहे थे, जब बलरामपुर में फुलवरिया बाईपास पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज आवाज के साथ बस सड़क किनारे जा रुकी और तुरंत ही आग लग गई। यात्रियों ने बताया कि धमाके की आवाज के साथ उन्हें करंट भी लगा। बस में सवार बुटवल नेपाल के शिव बहादुर परिहार ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि वह अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर जलती बस से बाहर कैसे निकले। उन्होंने कहा, “बस बच गए, यह भरोसा नहीं हो रहा है।” बस में 40-45 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के थे।
गुलमी नेपाल के बाल बहादुर ने बताया कि चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था और संभवत: उसने शराब भी पी रखी थी। यात्री जग रहे थे, इसलिए वे तुरंत शीशा तोड़कर बाहर निकल आए। लोकेंद्र बहादुर ने बताया कि बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि पूरी बस जल रही थी और लोग बचाव-बचाव की आवाज दे रहे थे। प्रशांत मौर्य ने बताया कि धमाके की आवाज 400 मीटर दूर तक सुनी गई और लगातार छह धमाके हुए, संभवतः टायर फटने या गैस सिलेंडर के कारण। स्थानीय लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
