बिहार में बारात पर कार का कहर: 3 की मौत, 13 घायल
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के बिशनपुरवा गांव में बीती रात सड़क किनारे सज रही एक बारात में तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब नरकटियागंज के लाल गढ़िया से आई बारात लौरिया-बगहा मार्ग पर विशुनपुरवा गांव के समीप दुल्हन के दरवाजे पर जाने की तैयारी कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, बैंड पार्टी के आने में हो रही देरी के बीच बाराती आपस में बातचीत कर रहे थे और कुछ लोग तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान बगहा की तरफ से बेकाबू रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सीधे बारात की भीड़ में घुस गई। कार की चपेट में आने से तीन बारातियों की कुचलकर मौत हो गई और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने कार को घेर लिया और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया ले जाया गया।
चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि तीन लोगों की दुखद मृत्यु हुई है और 13 घायल हैं। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद से इलाके में मातम पसर गया है और लोगों में गहरा आक्रोश है।
