बिहार चुनाव: वोटर कार्ड फर्जीवाड़ा उजागर, दरभंगा में तीन नामजद, एफआईआर दर्ज
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले दरभंगा जिले में वोटर कार्ड में फोटो बदलकर फर्जीवाड़ा करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। निर्वाचन आयोग को मिली शिकायत के बाद जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके उपरांत तीन स्थानीय लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
यह मामला 86 केवटी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सिंहवाड़ा प्रखंड के सरैया मतदान केंद्र संख्या 55 और 56 से जुड़ा है। यहां मतदाताओं के आधार कार्ड और पहचान पत्र में हेरफेर कर फर्जीवाड़ा करने की बात प्रकाश में आई है। सिमरी थाना में मोहम्मद महफूज, मो. खुर्शीद और नयाब खुर्शीद को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रखंड भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मो. ईरशाद ने अपने आवेदन में बताया है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के आधार और परिचय पत्र में लगे फोटो को स्कैन करके बदल दिया गया है। मूल मतदाता के स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति का फोटो लगा दिया गया है, जिससे वास्तविक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाएंगे।
शिकायत के साथ फर्जीवाड़े से प्रभावित कुछ वोटर आईडी कार्ड की फोटोकॉपी भी संलग्न की गई हैं, जो इस गड़बड़ी का प्रमाण हैं। मो. ईरशाद ने आरोप लगाया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा सैकड़ों मतदाता पहचान पत्रों में छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रह सके।
यह आवेदन उप निर्वाचन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता को भी सौंपा गया था। थानाध्यक्ष ने आवेदन के आलोक में तीनों नामजद व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस पूरे मामले की जांच पड़ताल एक दारोगा को सौंपी गई है, जो अब फर्जीवाड़े के पीछे के षड्यंत्रकारियों और इसके संभावित प्रभावों की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।
