बदायूं: कंटेनर देखने आया गोवंश तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, जेल भेजा गया
बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और गोवंश तस्कर मोहम्मद अहमद के बीच मुठभेड़ हुई। तस्कर को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वह अपना कंटेनर देखने आया था, जिसे पुलिस ने दो दिसंबर को कछला के जंगल से बरामद किया था।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद अहमद राजस्थान के तस्करों के साथ मिलकर गोवंश की तस्करी करता था। दो दिसंबर को जब उसका कंटेनर पकड़ा गया, तो वह मौके से फरार हो गया था। उसी दिन सहसवान क्षेत्र में उसके कई साथी तस्कर भी पकड़े गए थे, जिनके पास से 60 से अधिक गोवंशीय पशु बरामद हुए थे।
शनिवार रात मोहम्मद अहमद बिना नंबर प्लेट वाली कार से मुजरिया रोड किनारे जंगल में अपने कंटेनर को देखने आया था। पुलिस को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी और घेराबंदी की। जब पुलिस ने उसे रुकने को कहा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद तस्कर को अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसकी कार जब्त कर ली है और उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि तस्कर के खिलाफ पहले से ही तीन मुकदमे तीन मुकदमे दर्ज हैं।
