आंध्र प्रदेश: Tata-Ernakulam Express में भीषण आग, एक यात्री की मौत; जांच शुरू
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के Tata-Ernakulam Express के दो कोचों में भीषण आग लगने से एक यात्री की मौत हो गई। यह हादसा एलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास हुआ। ट्रेन के लोको पायलट ने रात करीब 1 बजे एक कोच में आग की लपटें देखकर तुरंत ट्रेन रोक दी।
आग लगने की खबर मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ से अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग सबसे पहले B1 कोच में लगी और तेजी से M1 व B2 कोच तक फैल गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से B1 और M1/B2 कोच बुरी तरह जल गए। प्रभावित कोचों को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया ताकि आग बाकी हिस्सों में न फैले। अधिकारियों ने पुष्टि की कि B1 कोच से एक यात्री का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है।
रेलवे ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
