कानपुर देहात में कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई Alvida Namaz, ड्रोन से रखी गई निगरानी
कानपुर देहात में रमजान के आखिरी जुमे पर अलविदा नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिले की 180 मस्जिदों में रोजेदारों ने नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अमन-चैन की दुआ मांगी। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों में रोजा रखने और नमाज अदा करने को लेकर खासा उत्साह रहा। महिलाओं ने घरों में ही नमाज अदा की।
नमाज के दौरान हुई तकरीरों में गरीबों और बेसहारा लोगों की मदद पर जोर दिया गया। शहर काजी मो. उवैस अख्तर रजा ने रोजेदारों से फितरा और जकात निकालने का आह्वान किया, ताकि गरीब और यतीम लोग भी ईद अच्छे ढंग से मना सकें। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना त्याग और दान का संदेश देता है।
अलविदा नमाज के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई। अकबरपुर, भोगनीपुर, रसूलाबाद, सिकंदरा समेत कई थाना क्षेत्रों में मस्जिदों मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय और एएसपी राजेश पांडेय ने खुद हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी। एसडीएम और सीओ भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे।
