अलीगढ़ अभिभावक एसोसिएशन ने कमिश्नर से की मुलाकात, पुस्तक माफियाओं से निजात की मांग
अलीगढ़ अभिभावक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कमिश्नर ने सरकारी अधिसूचना पढ़ने के बाद प्रमुख सचिव से बात कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसोसिएशन ने एनसीईआरटी (NCERT) की पुस्तकों की उपलब्धता को लेकर जानकारी मांगी है।
अभिभावकों ने कमिश्नर से अनुरोध किया कि उन्हें पुस्तक माफियाओं के चंगुल से निजात दिलाई जाए। उन्होंने पांच सूत्रीय सुझाव पत्र भी सौंपा, जिस पर विचार करने को कहा गया। सुझावों में कहा गया है कि एनसीईआरटी की पुस्तकों की अनुपलब्धता के कारण निजी प्रकाशक पुस्तक माफियाओं के जरिए अभिभावकों से मनमानी कीमत वसूल रहे हैं।
यह भी जांच का विषय है कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्कूलों से विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के आदेश के बावजूद, डीएम द्वारा इतनी देर से एनसीईआरटी पुस्तकों की अनिवार्यता का आदेश करने का क्या औचित्य है, क्योंकि अभिभावक अधिकतर पुस्तकें खरीद चुके हैं। क्या प्रशासन पुस्तकों को वापस कराकर अभिभावकों को राहत दिला सकेगा?
पुस्तक वितरकों द्वारा चुनिंदा दुकानों पर ही पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं और मनचाहा मूल्य वसूला जाता है, जिससे अभिभावक परेशान हैं। एसोसिएशन ने सुझाव दिया कि प्रकाशकों को टेंडर के माध्यम से पुस्तक छापने का निर्देश दिया जाए और उनके द्वारा बेचे गए मूल्य व अभिभावकों को बेचे गए मूल्य पर मुनाफे की जानकारी शासन को हो, इसकी भी जांच की जाए। पदाधिकारियों ने अलीगढ़ मंडल के सभी विद्यालयों का निरीक्षण कर उनकी बात शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
