Aligarh news: खैर तहसील में वकीलों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, SDM के खिलाफ शिकायत की तैयारी
अलीगढ़ की खैर तहसील में वकीलों की हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। संयुक्त बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वकीलों ने चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित अधिकारियों को हटाया नहीं जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
यह विवाद बुधवार को शुरू हुआ था, जब अधिवक्ताओं ने प्रस्तावित बैठक के कारण सभी न्यायालयों में मुकदमों की अग्रिम तिथि लगाने की मांग की थी। हालांकि, एसडीएम खैर ने प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए अदालत में मुकदमों की पुकार शुरू करा दी। इससे अधिवक्ताओं और एसडीएम के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद अधिवक्ताओं ने बैठक कर सभी न्यायालयों का बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया।
हड़ताल के दूसरे दिन गुरुवार को अधिवक्ता एकत्र होकर तहसील परिसर में पैदल मार्च निकाला और अधिकारियों की कार्यशैली व हठधर्मिता के खिलाफ विरोध जताया। बाद में अधिवक्ता भवन में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने तहसील स्तर के भ्रष्ट अधिकारियों की शिकायत राजस्व परिषद के अध्यक्ष से करने का निर्णय लिया। साथ ही मुख्यमंत्री, राजस्व परिषद के अध्यक्ष, मुख्य सचिव और राजस्व मंत्री समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को एक्स (ट्विटर) के माध्यम से भी शिकायत भेजी गई।
वकीलों ने हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए एक कमेटी का गठन किया है, जो यह सुनिश्चित करेगी कि हड़ताल के दौरान कोई भी अधिवक्ता कार्यालयों में न जाए। वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं की इस कमेटी को हड़ताल के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
