अलीगढ़ News: भगवान आदिनाथ का जन्मकल्याणक दिवस, पालने में झुलाए गए ‘आदिनाथ’
अलीगढ़ में गुरुवार को श्री लख्मीचंद पांड्या खंडेलवाल दिगंबर जैन ट्रस्ट में भगवान आदिनाथ का जन्मकल्याणक दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जैन समुदाय के लोगों ने धार्मिक और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह के समय जैन मिलन महिला मंडल द्वारा गौशाला में गायों को हरा चारा और सब्जियां खिलाकर गौसेवा की गई, साथ ही पक्षियों को दाना भी डाला गया।
दोपहर में जैन मिलन वर्द्धमान ने आगरा रोड पर राहगीरों के लिए अन्नपूर्णा थाली का आयोजन किया। इसमें राहगीरों को पेट भर भोजन कराया गया। शाम को जिनवरम् महिला मंडल के तत्वावधान में एक संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया गया, जो आदिनाथ भगवान को समर्पित थी। इस दौरान श्री भक्तामर स्त्रोत पाठ भी किया गया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण पालना उत्सव रहा, जिसमें श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान की बाल रूप की प्रतिमा को पालने में झुलाया। इस दौरान मंगल गीत गाए गए और सभी ने एक-दूसरे को जन्मकल्याणक दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार जैन, प्रद्युम्न कुमार जैन, विजय कुमार जैन, राजीव जैन, मोहित जैन, मयंक जैन, कुणाल जैन, दीपेंद्र जैन, अंकुर जैन, हरिकांत जैन, नीरज जैन, मुकेश जैन, पूर्वी जैन, मधु जैन, मीनू जैन, नीता जैन, ऋतु जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
