भारी बारिश में बस संचालन पर अलर्ट: सुरक्षित स्थान पर खड़ी करने के निर्देश, Weather Alert
अलीगढ़ में भारी बारिश के मौसम विभाग की चेतावनी के बाद परिवहन निगम ने चालकों और परिचालकों को सतर्क कर दिया है। मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश का अनुमान देखते हुए, अधिकारियों ने बस चालकों को सुरक्षित संचालन के निर्देश दिए हैं।
परिवहन निगम के आरएम सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सभी चालकों और परिचालकों को निर्देशित किया गया है कि बारिश के दौरान बस को डिपो से निकालने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच कर लें। बस के वाइपर और लाइटें ठीक होनी चाहिए, साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि छत से पानी न टपके।
तेज बारिश होने की स्थिति में बस का संचालन तुरंत रोक दिया जाए और बस को निकटतम बस स्टैंड या किसी सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया जाए। बारिश कम होने पर ही आगे की यात्रा शुरू की जाए। डिपो स्तर पर भी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी बस को बिना जांच के बाहर न भेजा जाए। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है, ताकि भारी बारिश के कारण होने वाली किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
