बीयर पार्टी पर अखिलेश यादव का तंज: ‘जब से भाजपा आई, लोग टेंशन में बीयर पी रहे’
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाराणसी में गंगा नदी पर नाव में हुई बीयर पार्टी की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है, लोग तनाव में बीयर पी रहे हैं। यह उनकी मजबूरी है। पत्रकारों द्वारा वाराणसी में गंगा पर बीयर पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश ने यह टिप्पणी की।
यह घटना कुछ दिन पहले तब सामने आई जब नाव पर डीजे के साथ बीयर पार्टी का एक वीडियो वायरल हुआ। यह वीडियो अष्टमी के दिन का बताया जा रहा है, जब नाविक समाज के लोग शीतला धाम में बधावा ले जाने के लिए नावों पर सवार थे। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास ने इस कृत्य को निंदनीय बताया है और कहा है कि माझी समाज इसके विरुद्ध है।
इस घटना से पहले वाराणसी में ही गंगा पर एक इफ्तार पार्टी का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिस पर भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। तब अखिलेश यादव ने सवाल उठाया था कि क्या गंगा पर रोजा इफ्तार नहीं कर सकते और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
