राजस्थान में AI क्रांति: सीएम भजनलाल शर्मा ने लॉन्च की AI-ML पॉलिसी, राष्ट्रीय AI साक्षरता कार्यक्रम का शुभारंभ
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में ‘राजस्थान रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नेशनल एआई लिटरेसी प्रोग्राम, राजस्थान एआई-एमएल पॉलिसी 2026, आईस्टार्ट लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, राजस्थान एवीजीसी-एक्सआर पोर्टल तथा राजस्थान एआई पोर्टल का शुभारंभ किया।
इन नई पहलों से राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षा, स्टार्टअप्स, शोध, कौशल विकास और डिजिटल गवर्नेंस को नई गति मिलेगी। इससे सूचना प्रौद्योगिकी के उभरते हुए क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा, जिसका सीधा असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग भविष्य के विकास और नागरिकों को सशक्त बनाने का आधार है। राजस्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नवाचार, निवेश और सुशासन का एक अग्रणी केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस कार्यक्रम में एक अनूठा होलोग्राफिक प्रोजेक्शन अनुभव भी प्रस्तुत किया गया, जहाँ योजना भवन में हुए तीन महत्वपूर्ण एमओयू को 98 इंच की स्क्रीन पर जीवंत दिखाया गया। यह सरकारी आयोजनों के इतिहास में पहली बार था जब किसी लाइव कार्यक्रम को होलोग्राफिक रूप में प्रस्तुत किया गया, जो तकनीक के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान है।
‘राजस्थान एआई-एमएल पॉलिसी-2026’ का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग का उत्तरदायी, नैतिक और सुरक्षित उपयोग करते हुए सार्वजनिक सेवा वितरण को अधिक त्वरित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है। इससे प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी और नवाचार-आधारित आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। नीति के अंतर्गत एआई प्रणालियों को पारदर्शी, जवाबदेह, निष्पक्ष और गोपनीयता-संरक्षित बनाने पर विशेष बल दिया गया है।
आमजन को एआई साक्षर बनाने और तकनीकी कौशल से लैस करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एआई साक्षरता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के पहले चरण ‘एआई फॉर ऑल’ में चार घंटे के कोर्स के अंतर्गत एआई को सरल एवं व्यावहारिक रूप में समझाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, डिजिटल लर्निंग को बढ़ाने और क्षमता संवर्धन के लिए आईस्टार्ट लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया गया है। एआई-एमएल नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान एआई पोर्टल और एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स एवं एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए राजस्थान एवीजीसी-एक्सआर पोर्टल भी लॉन्च किए गए हैं।
