0

Agra news: इंडियन ओवरसीज बैंक के मैनेजर ने किया 44 लाख का गबन, गिरफ्तार

By Feb 11, 2026

आगरा में इंडियन ओवरसीज बैंक की कीठम शाखा के पूर्व प्रबंधक को 44 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने फर्जी तरीके से ग्रामीण खाताधारकों के ऋण खातों से धनराशि निकालकर अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर की थी। इस धोखाधड़ी से कई ग्रामीण खाताधारकों को बड़ा नुकसान हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला अछनेरा थाना क्षेत्र के कीठम स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा का है। आरोपी ऐश्वर्य कुमार, जो उस समय शाखा प्रबंधक था, ने अपने पद का दुरुपयोग किया। उसने उच्च अधिकारियों के पासवर्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए पांच ग्रामीण खाताधारकों के ऋण खातों से करीब 43 लाख 96 हजार 923 रुपये की धनराशि फर्जी तरीके से निकाली। यह धनराशि पहले उसकी पत्नी शालिनी के खाते में और फिर उसके अपने खाते में ट्रांसफर की गई।

गबन का खुलासा होने पर वर्तमान शाखा प्रबंधक पंकज गौतम ने 16 जुलाई 2025 को अछनेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऐश्वर्य कुमार को रायभा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें