Agra crime news: जूता व्यापारी की दुकान में चोरी का खुलासा, कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
आगरा पुलिस ने एमजी रोड पर धाकरान चौराहा स्थित चिराग फुटकेयर की दुकान में हुई चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को दुकान के ही एक कर्मचारी ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। कर्मचारी ने ही अपने साथियों को दुकान के अंदर की जानकारी दी थी और चोरी की पूरी योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर की रात को कमला नगर निवासी वासुदेव मूलचंदानी की दुकान में चोरी हुई थी। चोर छत का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे थे और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। गल्ले से 11 लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी। पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से सुराग जुटाए।
जांच में दुकान का कर्मचारी राहुल संदेह के घेरे में आया। पुलिस ने उस पर नजर रखना शुरू किया और पाया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी की रकम के बंटवारे के लिए पचकुइयां कब्रिस्तान में इकट्ठा हुआ था। पुलिस ने मौके से राहुल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि चोरी के चंद घंटों बाद ही उन्होंने 50 हजार रुपये पार्टी में उड़ा दिए थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6.75 लाख रुपये बरामद किए हैं। डीसीपी सिटी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी पवन अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
