0

छोटी बहन से दुष्कर्म के बाद बड़ी बहन से भी दरिंदगी की कोशिश, दोनों आरोपी गिरफ्तार

By Dec 9, 2025

ओडिशा के संबलपुर जिले के रेढ़ाखोल थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि मुख्य आरोपी प्रमोद प्रधान और उसके एक नाबालिग सहयोगी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की शाम की है। रेढ़ाखोल थाना इलाके में रहने वाली एक छात्रा कॉलेज से लक्ष्मी बस से वापस अपने गांव लौट रही थी। उसे लेने के लिए उसकी छोटी बहन एक चौक पर बस का इंतजार कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अरखकुद गांव का प्रमोद प्रधान और एक नाबालिग वहां पहुंचे। प्रमोद ने बस का इंतजार कर रही नाबालिग को जबरन उठाकर पास के जंगल की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

कुछ देर बाद जब कॉलेज छात्रा चौक पर पहुंची और बस से उतरी, तो आरोपित प्रमोद ने उसके साथ भी दुष्कर्म करने की कोशिश की। हालांकि, छात्रा किसी तरह उसके चंगुल से बचकर भाग निकली। इस घटना के बाद पीड़ित नाबालिग और उसकी बड़ी बहन ने अपने परिवार वालों को पूरी बात बताई। रविवार के दिन संबद्ध रेढ़ाखोल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अरखकुद गांव के प्रमोद प्रधान और उसके नाबालिग सहयोगी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को मुख्य आरोपित प्रमोद प्रधान को डॉक्टरी जांच के लिए रेढ़ाखोल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बताया गया है कि मुख्य आरोपित प्रमोद बेरोजगार और आवारा प्रकृति का युवक है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें