वर्दी में गाली-गलौज: होमगार्ड कमांडर का वीडियो वायरल, विभाग ने शुरू की जांच
गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में होमगार्ड के कंपनी कमांडर का एक शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कमांडर वर्दी पहने हुए ग्रामीणों के साथ अभद्रता करते और उन्हें गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद होमगार्ड विभाग और स्थानीय पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने तत्काल इस घटना की रिपोर्ट मांगी है और कंपनी कमांडर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जांच शुरू होने के बाद गुरुवार को कंपनी कमांडर सहमे-सहमे नजर आए। गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और कमांडर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस ने गांव गणेशपुर में ग्रामीणों से भी पूछताछ की है। बताया गया कि कमांडर को सूचना मिली थी कि उनके बेटे का गांव में किसी से विवाद हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने वर्दी की गरिमा को ताक पर रखकर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसका वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया।
