0

जींद में 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैरों में लगी गोली

By Dec 17, 2025

जींद में शोरूम पर फायरिंग और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नरवाना के कपड़ा व्यापारी नरेश जैन की दुकान पर गोली चलाने और रंगदारी मांगने के मुख्य आरोपित अनूप बेलरखां को नरवाना सीआईए ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

रविवार दोपहर को कपड़ा व्यापारी नरेश जैन को एक बदमाश ने पर्ची दी और उसके बाद बाहर निकलकर दुकान पर फायर कर दिया। गोली दुकान के शीशे में लगी। पर्ची में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और अनूप बेलरखां व छोटी छापड़िया का नाम लिखा था। घटना से पूरे व्यापारी वर्ग में भय का माहौल था।

खुद एसपी कुलदीप सिंह मामले पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित की। वहीं, नरेश जैन को सुरक्षा मुहैया करवाई गई। नरवाना सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह को मंगलवार शाम को लगभग आठ बजे सूचना मिली कि मुख्य आरोपित अनूप बेलरखां दातासिंहवाला बार्डर की तरफ बाइक पर जा रहा है।

सुखदेव सिंह ने टीम तैयार की और बार्डर की तरफ चल पड़े। पुलिस ने आरोपित को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद अनूप बेलरखां ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। दोनों तरफ से गोलियां चली। इसमें दो गोलियां अनूप की दोनों टांगों पर लगी और वह वहीं गिर गया।

एक गोली सीआईए प्रभारी सुखदेव की छाती में लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बच गए। इसके बाद पुलिस ने अनूप को गिरफ्तार कर लिया और नागरिक अस्पताल नरवाना में दाखिल करवाया। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। एसपी जींद कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने बहुत बहादुरी का कार्य किया है। जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपितों को भी काबू कर लिया जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें