सोरों-बदायूं के बीच गंगा पर बनेगा 488 करोड़ का पुल, 80 गांवों को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश सेतु निगम बरेली यूनिट की ओर से सोरों के लहरा गंगा घाट और बदायूं सहसवान के नगला बरन जामनी गंगा घाट तक गंगा नदी पर नए पुल निर्माण के लिए सर्वे के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह पुल करीब साढ़े चार किलोमीटर से अधिक लंबा होगा, जिसकी अनुमानित लागत 488 करोड़ रुपये है। इसमें 151 पिलर बनाए जाने प्रस्तावित हैं, हर पिलर के बीच में तीस मीटर की दूरी होगी। पुल के अलावा संपर्क पहुंच मार्ग व अतिरिक्त पहुंच मार्ग के निर्माण की लागत भी इसमें शामिल है।
इस परियोजना के तहत 4590.40 मीटर का मुख्य सेतु, 200-200 मीटर के पहुंच मार्ग और 3600 मीटर की लम्बाई के अतिरिक्त पहुंच मार्ग की आवश्यकता होगी। इस परियोजना को बदायूं के डीएम की ओर से शासन से स्वीकृति के लिए भेजा गया है। नए पुल के प्रस्ताव भेजे जाने के बाद तीर्थ नगरी सोरों के लहरा गंगा घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की तादात और बढ़ जाएगी।
इस पुल से कासगंज के सोरों तीर्थ नगरी के आसपास और बदायूं के सहसवान क्षेत्र के करीब 80 गांवों को आने-जाने में काफी सहूलियत और समय की बचत होगी। इससे व्यापार, नौकरी, कामकाज, शिक्षा आदि के लिए जाने वालों को भी इसका लाभ होगा। बदायूं के सामाजिक कार्यकर्ता तिलक सिंह ने पुल निर्माण के लिए जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक काफी पैरवी की है और वे पुल की कार्ययोजना की स्वीकृति के लिए शासन में भी मांग उठाएंगे।
