मुंबई: काली माता की मूर्ति को मदर मैरी का रूप देने पर पुजारी गिरफ्तार, श्रद्धालुओं का हंगामा
मुंबई के चेंबूर इलाके में आस्था के साथ खिलवाड़ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। एक स्थानीय मंदिर में तैनात एक पुजारी ने कथित तौर पर देवी काली की प्रतिमा को मदर मैरी का स्वरूप प्रदान कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्यों ने मंदिर परिसर में एकत्र होकर जोरदार हंगामा किया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
रविवार की सुबह जब नियमित श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि सदियों से पूजी जा रही काली माता की प्रतिमा का रूप बदल दिया गया है। प्रतिमा को इस प्रकार परिवर्तित किया गया था कि वह मदर मैरी की तरह दिखने लगी। यह देखकर श्रद्धालु अचंभित रह गए और उनमें भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन से इस संबंध में जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ता देख, विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को सूचित किया और देवी की प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय आरसीएफ पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने मंदिर के पुजारी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में पुजारी ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उसे सपने में देवी काली ने स्वयं यह आदेश दिया था कि वह उन्हें मदर मैरी का रूप दे। पुजारी के अनुसार, उसने देवी के इसी आदेश का पालन करते हुए प्रतिमा का स्वरूप बदला।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत पुजारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत हरकत है या इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र है। इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
