मुंगेर बनेगा टाउनशिप वाला नगर, राज्य कैबिनेट ने दी मंजूरी
बिहार राज्य कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक में मुंगेर को एक आधुनिक टाउनशिप के रूप में विकसित करने की परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। इस फैसले से प्रमंडल मुख्यालय पर विकास की नई धारा बहेगी और स्थानीय नागरिकों को कई स्तरों पर लाभ मिलेगा। प्रस्तावित टाउनशिप को स्मार्ट सिटी के तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक शहरी जीवन की सभी आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी।
सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना के तहत साफ-सुथरी सड़कें, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, बेहतर जलापूर्ति और अत्याधुनिक सीवर सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइटें और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे। टाउनशिप में हरियाली को विशेष महत्व दिया जाएगा, जिसके लिए पार्क, ग्रीन ज़ोन और बच्चों के खेल स्थल विकसित किए जाएंगे।
यह टाउनशिप शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी। इसमें आवासीय ब्लॉक, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और एक मॉडल मार्केट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। निर्माण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में मजदूरों, तकनीशियनों और इंजीनियरों को रोजगार मिलेगा, वहीं निर्माण के बाद सेवा क्षेत्र में भी रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों ने इस परियोजना का तहे दिल से स्वागत किया है। जदयू के प्रदेश महासचिव सौरव निधि ने कहा कि यह एनडीए सरकार की विकास की सोच का प्रमाण है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुंगेर सेवा मंच के अध्यक्ष संजय बबलू ने इस योजना को गुरुग्राम जैसी आधुनिक इमारतों, आईटी पार्क और विश्वस्तरीय अस्पताल की नींव बताते हुए कहा कि यह मुंगेर के चौमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव संतोष अग्रवाल ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मुंगेर का प्राचीन गौरव पुनःजीवित होगा और यह सामाजिक व आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा। यह परियोजना मुंगेर को भविष्य का एक विकसित शहरी केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
