प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक का सिर-मूंछ मुंडवाकर गांव में घुमाया, वीडियो वायरल
बिहार के वैशाली जिले में प्रेम-प्रसंग के एक मामले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घटहो थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव में एक विवाहिता से मिलने पहुंचे युवक मंजय कुमार के साथ ग्रामीणों ने हैवानियत की हद पार कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने न केवल युवक का सिर और मूंछ मुंडवा दी, बल्कि उसे पूरे गांव में घुमाकर शर्मसार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के महनार निवासी मंजय कुमार दिल्ली में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात मुसापुर गांव की एक विवाहिता से हुई। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और उनके बीच प्रेम प्रसंग पनप गया। हाल ही में दोनों अपने-अपने गांव लौटे थे। इसी क्रम में रविवार को मंजय अपनी प्रेमिका से मिलने मुसापुर गांव पहुंचा था।
ग्रामीणों को जब इस बात की भनक लगी तो उन्होंने प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। युवक और युवती दोनों ने शादी करने की बात कही, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उनका मानना था कि युवक को सजा मिलनी चाहिए। इसके बाद भीड़ ने हिंसक रूप ले लिया और मंजय कुमार का सिर और मूंछ मुंडवाकर उसे गांव में घुमाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोग वीडियो बनाते रहे, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया।
किसी तरह मंजय कुमार मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। फिलहाल वह घटना के बाद से क्षेत्र से गायब है। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे सामाजिक अनुशासन का मामला बता रहे हैं, जबकि अधिकांश लोग इसे कानून को अपने हाथ में लेने और अमानवीय कृत्य करार दे रहे हैं।
घटहो थानाध्यक्ष रजनीश रंजन ने बताया कि अभी तक पीड़ित युवक की ओर से थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर पुलिस निश्चित रूप से मामले की जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
