अररिया: आइसक्रीम वैनों में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
फारबिसगंज, अररिया: शुक्रवार की रात फारबिसगंज के वार्ड संख्या एक में एक बड़ा हादसा हो गया। काली मेला के पास स्थित एक आवासीय परिसर में खड़ी आधा दर्जन से अधिक आइसक्रीम की वैनें भीषण आग की चपेट में आ गईं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, राजस्थान निवासी पप्पू राठौड़ और प्रकाश राठौड़ नामक व्यक्ति वार्ड संख्या एक में काली मेला के समीप कुणाल कुमार के मकान में किराये पर रहकर आइसक्रीम बेचने का काम करते थे। वे अपनी आइसक्रीम वैनों को इसी परिसर में खड़ी करते थे। शुक्रवार की रात अचानक इन वाहनों में आग लग गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम एक बड़े और एक छोटे वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक अधिकांश आइसक्रीम वैन जल चुकी थीं।
गृहस्वामी कुणाल कुमार ने बताया कि आइसक्रीम के वाहन काफी कीमती होते हैं, जिनमें फ्रीजर और अन्य उपकरण लगे होते हैं। इस अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक आइसक्रीम वाहनों के साथ-साथ अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया है। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग इस मामले की जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के असली कारण का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर नगर पार्षद प्रतिनिधि शमशुल आलम, समाजसेवी बेलाल अली, नगर पार्षद उमाशंकर उर्फ बुलबुल यादव, अविनाश कुमार, रविंद्र पासवान समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
