बच्चों को बचाने की गुहार: पति पर धोखाधड़ी और धमकी के गंभीर धाराओं में केस दर्ज
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 में रहने वाली नेहा सिंह की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति वीरेंद्र और हरियाणा के जींद जिले के गांव बोहतवाला निवासी सतबीर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। महिला ने कुछ समय पहले शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर लगातार रिमाइंडर भेजकर न्याय की गुहार लगा रही थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पति वीरेंद्र और सतबीर के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, प्रतिरूपण, आपराधिक धमकी और मानसिक उत्पीड़न सहित कई संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने सरपंच की नकली मुहर का इस्तेमाल कर एक फर्जी कोर्ट हलफनामा तैयार किया और इसके माध्यम से महिला व उसके बच्चों को धमकाया। शिकायत के अनुसार, आरोपी लगातार महिला और उसके बच्चों की जान को खतरा पहुंचा रहे थे, जिससे वे बेहद डरे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। पीड़िता और उसके बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पीड़िता नेहा सिंह ने राहत की सांस ली है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अब उन्हें और उनके बच्चों को न्याय मिलेगा और वे सुरक्षित रह सकेंगे। यह घटना महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों और उनके न्याय पाने के संघर्ष को दर्शाती है।
