मलेशिया में Chery Omoda 5 कार का एक्सल टूटने पर कंपनी प्रमुख ने मांगी माफी | international news
भारतीय बाजार में अपनी पैठ जमाने की योजना बना रही चीनी वाहन निर्माता कंपनी Chery को ग्लोबल स्तर पर उस समय शर्मिंदगी उठानी पड़ी, जब मलेशिया की सड़कों पर उसकी पॉपुलर एसयूवी Omoda 5 का पिछला एक्सल बॉडी से अचानक अलग हो गया। इस अजीबोगरीब और खतरनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया, जिसके बाद कार की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी को कड़ा कदम उठाते हुए हजारों गाड़ियों को वापस मंगाना पड़ा।
मलेशियाई परिवहन विभाग की सख्ती और जांच
घटना के तूल पकड़ने के बाद मलेशिया के रोड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने तुरंत दखਲ दिया और Omoda 5 मॉडल के नए रजिस्ट्रेशन पर अस्थायी रोक लगा दी। अधिकारियों ने कंपनी को उत्पादन प्रक्रिया, वेल्डिंग क्वालिटी और पार्ट्स सप्लाई चेन की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। इस उच्च स्तरीय तकनीकी समीक्षा के दायरे में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में इस तरह की जानलेवा लापरवाही दोबारा न हो।
चेयरमैन की माफी और भारतीय बाजार पर असर
मामले की गंभीरता को देखते हुए Chery के चेयरमैन और प्रेसिडेंट यिन टोंग्यू ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर अन्य चीनी कंपनियों को नसीहत दी है कि विदेशी बाजारों में केवल त्वरित मुनाफा कमाने के बजाय ग्राहकों का दीर्घकालिक भरोसा जीतना प्राथमिक होना चाहिए। भारत में Chery कंपनी JSW ग्रुप के साथ मिलकर साल 2026 के अंत या 2027 तक एंट्री करने की योजना पर काम कर रही है, ऐसे में ग्लोबल मार्केट की यह घटना भारतीय उपभोक्ताओं के बीच सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर बड़ी बहस छेड़ सकती है।
